तीन दिन बाद खुली देवाल-सुयालकोट-खेता सड़क, एक दर्जन गांवों के लोगों को मिली राहत

थराली, 27 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। लगातार तीन दिनों तक बंद रहने के बाद देवाल-सुयालकोट-खेता मोटर मार्ग पर यातायात बहाल होने से करीब एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इसके साथ ही श्री नंदा देवी राजजात यात्रा से जुड़े राज्य मार्ग पर भी सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से शुरू हो गई है।
लोक निर्माण विभाग, थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा और सहायक अभियंता जे.के. टम्टा ने बताया कि देवाल-सुयालकोट-खेता मोटर मार्ग पर सुयालकोट (किमी 16) तथा नलधूरा (किमी 18) के पास हुए भूस्खलन के कारण सड़क तीन दिन पहले बंद हो गई थी। लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के चलते जेसीबी मशीन से मलबा हटाने का कार्य संभव नहीं हो पा रहा था। रविवार को मौके पर पोकलेन मशीन तैनात किए जाने के बाद मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।
मार्ग खुलने से नलधूरा, मेलखेत, खेता-मानमती, रामपुर, तोर्ती, चोटिंग, हरमल, झलिया और उदेपुर ग्राम पंचायतों सहित गढ़वाल से सटे कुमाऊं क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली है।
उधर, थराली-देवाल-वांण राज्य राजमार्ग संख्या-90 पर देवाल से आगे गमलीगाड़ गदेरे (किमी 16) के पास भी सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है। मार्ग को सुरक्षित बनाए रखने के लिए वहां जेसीबी और पोकलेन मशीनें तैनात की गई हैं।
