राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी का छात्रसंघ समारोह संपन्न

पोखरी, 29 जुलाई (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में आयोजित छात्रसंघ समारोह बुधवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हो गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल तथा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रीटा शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए गुरुजनों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पूरी लगन और मेहनत के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि महाविद्यालय में योग्य एवं अनुभवी प्राध्यापकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता और विद्यार्थियों को अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने कहा कि महाविद्यालय में पठन-पाठन की गुणवत्ता बढ़ाने तथा छात्र हितों से जुड़े कार्यों के लिए वह हरसंभव सहयोग करेंगे।
प्राचार्या डॉ. रीटा शर्मा ने बताया कि अंग्रेजी विषय को छोड़कर महाविद्यालय में लगभग सभी विषयों के प्राध्यापक उपलब्ध हैं तथा पर्याप्त शैक्षणिक संसाधन मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि छात्र संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से महाविद्यालय के प्राध्यापक क्षेत्र के इंटरमीडिएट एवं हाईस्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को यहां उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दे रहे हैं।
समारोह का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गढ़वाली लोकगायक गजेन्द्र राणा की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। उन्होंने “पुष्पा छोरी पौड़ी गढ़वाल की”, “तेरी भैसी भूकी रैगी”, “लीला घसियारी”, “दैणा होया”, “खोली का गणेश” और “मोरी का नारायण” सहित कई लोकप्रिय लोकगीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों पर छात्र-छात्राओं और दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया तथा पूरा परिसर लोक संस्कृति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव, डॉ. योगेश प्रसाद भट्ट, डॉ. शिवचंद्र रावत, डॉ. रेनू सनवाल, डॉ. साजिया सिद्दीकी, डॉ. रेखा चमोली, डॉ. केवलानंद पांडे, डॉ. आयुष बर्तवाल, डॉ. प्रवीण मैठाणी, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. आरती रावत, डॉ. शशि चौहान, डॉ. कीर्ति गिल, डॉ. किरण चौहान, डॉ. श्वेता, डॉ. गणेश भट्ट, विक्रम कण्डारी, नवनीत सती, छात्रसंघ अध्यक्ष आकाश चमोला, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के छात्रसंघ अध्यक्ष आशुल भण्डारी, फतेराम सती, सत्येन्द्र नेगी, अनिल बर्तवाल, मानवेन्द्र असवाल, दिगम्बर बर्तवाल, अनूप रावत, सूरज खत्री, पार्षद सुमित्रा देवी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अभिभावक, प्राध्यापक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कुमारी दिया ने किया।
