आपदा/दुर्घटनामौसम

मूसलाधार बारिश से पोखरी क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई मोटर मार्ग बंद

पोखरी, 30 जुलाई (राणा)। क्षेत्र में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते कई मोटर मार्गों पर मलबा, पत्थर और बोल्डर आने से यातायात बाधित हो गया है। कई गांवों का संपर्क प्रभावित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर सुबह मलबा आने से यातायात बंद हो गया था। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया। वहीं पोखरी-रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग गुनियाला के पास किलोमीटर 50 पर चट्टान टूटने और भारी मलबा आने से बंद है। पोखरी-गोपेश्वर मोटर मार्ग भी हापला-देवखाल के पास मलबा आने से अवरुद्ध है।
इसके अलावा पोखरी-वल्ली-हरिशंकर, उडामाड़ा-रौता, पोखरी-विशाल-बामनाथ, चमसिल-देवीखेत-त्रिशूला तथा हापला-गुणम-नैल मोटर मार्ग समेत कई संपर्क मार्ग मलबा, पत्थर और पुश्ते क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद हैं। मार्गों के अवरुद्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद ने बताया कि विभागीय टीमों ने अवरुद्ध मार्गों का निरीक्षण कर लिया है। जेसीबी मशीनों से मलबा और पत्थर हटाने का काम जारी है। मौसम अनुकूल रहा तो शाम तक अधिकांश मार्गों को यातायात के लिए सुचारु करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!