जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन ने डीईओ प्रारंभिक को सौंपा ज्ञापन
पोखरी, 30 जुलाई (राणा)। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) पंकज उप्रेती को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने श्री उप्रेती के उप निदेशक पद पर पदोन्नत होने पर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
जिलाध्यक्ष उपेंद्र सती और संगठन के संरक्षक रुद्र सिंह राणा के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे शिष्टमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों की वेतन विसंगतियों का निराकरण करने, समग्र शिक्षा मद से वेतन आहरण में हो रहे विलंब को समाप्त करने और विभिन्न लंबित देयकों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की।
संगठन ने खेल प्रतियोगिताओं में प्रारंभिक शिक्षा के शिक्षकों की उपेक्षा समाप्त करने, पीएम पोषण योजना के तहत खाद्यान्न आपूर्ति में व्याप्त असमानता दूर करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने की मांग भी उठाई।
जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) पंकज उप्रेती ने संगठन की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए अपने स्तर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के संरक्षक रुद्र सिंह राणा, जिलाध्यक्ष उपेंद्र सती, कोषाध्यक्ष सर्वेश्वर सिमल्टी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मंजूषा पुंडीर, संयुक्त जिला मंत्री यशपाल बुटोला, प्रांतीय उपाध्यक्ष दिनेश भट्ट, कुलदीप नेगी, पंकज शर्मा, हिम्मत सिंह राणा, शैलेंद्र पुंडीर और बैशाख सिंह रावत सहित कई शिक्षक शामिल रहे।
