शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्तिमय हुआ पुष्केश्वर शिवालय
पोखरी, 1 अगस्त (राणा)। पुष्केश्वर शिवालय, पोखरी में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, पुष्केश्वर मंदिर समिति, नगर पंचायत एवं व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ब्रजधाम से पधारीं प्रख्यात कथा व्यास दीदी श्री कृष्ण प्रिया जी महाराज ने भगवान शिव की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि श्रद्धा, विश्वास और एकाग्र मन से शिव कथा का श्रवण करने वाला भक्त महान पुण्य का भागी बनता है। उन्होंने कहा कि शिव कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मकल्याण और मोक्ष का मार्ग है। सच्चे मन से भगवान शिव का स्मरण करने वाले भक्त पर उनकी विशेष कृपा बनी रहती है।
कथा के दौरान उन्होंने गुरु, माता-पिता, संतों और तीर्थों के सम्मान का महत्व बताते हुए शिव महापुराण की प्रेरक कथाओं, पूजा-अर्चना की विधि तथा सनातन संस्कृति के आध्यात्मिक मूल्यों पर भी प्रकाश डाला। श्रद्धालुओं के “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, मंदिर समिति अध्यक्ष राघवानंद डंगवाल सहित जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
