क्षेत्रीय समाचार

खस्ताहाल सड़कों के सुधार की मांग को लेकर एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन

 

पोखरी, 2 अगस्त (राणा)। विकासखंड पोखरी की जर्जर और खस्ताहाल मोटर सड़कों के सुधार की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पोखरी इकाई के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने शीघ्र मरम्मत, डामरीकरण, जल निकासी की व्यवस्था और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कराने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि पोखरी–हापला–गोपेश्वर, हापला–गुणम–नैल, जौरासी–तोणजी, पोखरी–वल्ली–हरिशंकर, उडामाडा–चौड़ी–रौता तथा पोखरी–विशाल–बामनाथ समेत क्षेत्र की अधिकांश सड़कें बदहाल हैं। डामर उखड़ने से जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जबकि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात का पानी सड़कों पर बह रहा है और कई हिस्सों में कीचड़ जमा हो गया है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि सड़क किनारे उगी झाड़ियां मोड़ों पर दृश्यता कम कर रही हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। कई स्थानों पर सुरक्षा पुस्ते भी क्षतिग्रस्त हैं, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
अधिशासी अभियंता दीपक कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सड़कों के सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में सौरभ बरतल, हिमानी चौधरी, शिवम पंत, दिव्यांशु सहित एबीवीपी के अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!