भूस्खलन से डुंग्री–रतगांव मोटर मार्ग बंद, पांच हजार की आबादी प्रभावित
थराली, 2 अगस्त (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड थराली के अंतर्गत डुंग्री–रतगांव मोटर मार्ग पर किलोमीटर 5 के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और विशाल बोल्डर गिरने से सड़क पूरी तरह यातायात के लिए बंद हो गई है। लोक निर्माण विभाग के लगातार प्रयासों के बावजूद रविवार देर शाम तक मार्ग नहीं खोला जा सका।
रविवार को अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। इसके साथ बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मात्रा में मलबा सड़क पर फैल जाने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
लोक निर्माण विभाग थराली के सहायक अभियंता जे.के. टम्टा ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए रविवार को ही जेसीबी मशीन भेजी गई थी, लेकिन सड़क पर गिरे विशाल बोल्डरों को हटाना संभव नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि बोल्डर इतने बड़े हैं कि उन्हें जेसीबी या पोकलेन मशीन से हटाया नहीं जा सकता। सोमवार को ब्रेकर मशीन मंगाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे बोल्डरों को तोड़कर सड़क से हटाया जा सके। इसके बाद ही मार्ग पर यातायात बहाल हो पाएगा।
डुंग्री–रतगांव मोटर मार्ग बंद होने से क्षेत्र के पांच हजार से अधिक लोगों का ब्लॉक मुख्यालय थराली से सीधा संपर्क टूट गया है। स्थानीय लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
