Front Pageआपदा/दुर्घटनामौसम

उत्तराखंड में 14 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में विशेष चेतावनी

 

देहरादून, 13 अगस्त। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तराखंड में अगले पांच दिनों के दौरान बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए मौसम चेतावनी जारी की है। 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की भी चेतावनी है।

मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। राज्य के शेष हिस्सों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
15 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पर्वतीय जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर हो सकते हैं।
16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश तथा राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने चेताया है कि भारी से बहुत भारी बारिश के दौरान संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने से सड़कें व राजमार्ग बाधित हो सकते हैं। नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने, तट कटाव, जलभराव और कहीं-कहीं फ्लैश फ्लड की स्थिति भी बन सकती है। बिजली, पानी और परिवहन जैसी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी-नालों और निचले इलाकों के आसपास रहने वाली आबादी को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। चारधाम सहित अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और खड़ी ढलानों से सावधान रहने को कहा गया है।
आकाशीय बिजली की स्थिति में लोगों को घरों के भीतर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है। तेज बारिश अथवा अचानक बाढ़ के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों से पैदल या वाहन से गुजरने की कोशिश नहीं करने को कहा गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के 13 अगस्त को जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 14 से 18 अगस्त तक राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 19 अगस्त को भी अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!