आपदा/दुर्घटना

तमक नाले में लापता बीआरओ जवान की तलाश में  सर्च अभियान

 

ज्योतिर्मठ, 16 अगस्त (कपरुवाण)। जोशीमठ ब्लॉक के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद आए तेज बहाव और मलबे की चपेट में आने से लापता बीआरओ के वाहन चालक पंकज रुधौला की तलाश में जिला प्रशासन के निर्देशन में युद्धस्तर पर रेस्क्यू एवं सर्च अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और गढ़वाल राइफल्स की टीमें मौके पर तैनात हैं। नाले के आसपास संभावित स्थानों पर लगातार सघन खोजबीन की जा रही है।
सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई में तैनात चालक पंकज रुधौला तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गए थे। उनकी तलाश में रेस्क्यू टीमें नाले में जमा मलबे, बोल्डरों, जलधाराओं और आसपास के संभावित स्थानों को चिन्हित कर सर्च अभियान चला रही हैं।
लापता चालक की तलाश में दो 20 टन क्षमता के एक्सकेवेटर और एक सात टन क्षमता का एक्सकेवेटर लगाया गया है। इसके अलावा गढ़वाल राइफल्स के 25 से अधिक जवान तथा बीआरओ की 123 इकाई के 20 से अधिक जवान अभियान में जुटे हैं। दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग भी तलाश में लगाए गए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी अभियान में सक्रिय रूप से जुटी हैं। दुर्गम और ऊंचाई वाले संभावित स्थानों की निगरानी तथा सर्चिंग के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान भारी बोल्डरों और मलबे को एक्सकेवेटर की मदद से हटाया जा रहा है, ताकि इनके नीचे और आसपास के संभावित स्थानों की गहनता से जांच की जा सके। रेस्क्यू टीमें नाले के आसपास एक-एक स्थान को बारीकी से खंगाल रही हैं। मलबे, बोल्डरों, जलधारा और नाले के किनारों समेत हर संभावित स्थान पर सघन खोजबीन की जा रही है।
जिला प्रशासन पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है। मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ ही सर्च अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। लापता चालक की तलाश में किसी भी संभावित स्थान को छोड़ा नहीं जा रहा है। रेस्क्यू एवं सर्च अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!