आईटीबीपी की 8वीं वाहिनी ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

गौचर, 16 अगस्त (गुसाईं)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) गौचर की 8वीं वाहिनी ने 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। इस अवसर पर ऑफिसर कमांडिंग मनोज साह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।
वाहिनी परिसर में आयोजित समारोह के दौरान शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
ऑफिसर कमांडिंग मनोज साह ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों तथा देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों के बलिदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने उपस्थित हिमवीरों को संबोधित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूर्ण निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में हिमवीरों का योगदान सदैव गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी रहा है। समारोह में उपस्थित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, हिमवीरों, हिमवीरांगनाओं और उनके परिवारजनों ने राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने वाहिनी के अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों में राष्ट्रप्रेम, गौरव और देशसेवा की भावना को और प्रबल किया।
