क्षेत्रीय समाचार

हल्द्वानी में मंच के कथित शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला

 

गौचर, 16 अगस्त (गुसाईं)। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मंच पर हवन कर कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में जुलूस निकालकर केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन किया।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर नगर कांग्रेस कमेटी गौचर के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सचिव मुकेश नेगी और नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि खड़गे की सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मंच पर हवन कर कथित शुद्धिकरण किया जाना आपत्तिजनक है और इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं समाज को बांटने वाली हैं तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंच के शुद्धिकरण के नाम पर किया गया यह कृत्य भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
प्रदेश सचिव मुकेश नेगी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियां हमेशा दलित विरोधी रही हैं और हल्द्वानी की घटना से इस मानसिकता की पुष्टि होती है। उन्होंने दलित समाज से ऐसी घटनाओं के प्रति सचेत रहने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता आने वाले समय में ऐसे कृत्यों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!