क्राइमक्षेत्रीय समाचार

गौचर में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

 

गौचर, 21 अगस्त (गुसाईं)। पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर छह में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का पुलिस ने पांच दिन के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर छह निवासी सत्यपाल सिंह चौधरी पुत्र जयेंद्र सिंह, निकट केशवाइज स्कूल गौचर, ने कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया था कि वह इलाज के लिए देहरादून गए थे। वापस लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर उनके घर से उनके नाती के दो जोड़ी चांदी के कंगन, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक सूटकेस और एक जैकेट चोरी कर ले गया। चोर ने घर के सामान को भी क्षतिग्रस्त किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर कोतवाली कर्णप्रयाग में तत्काल अभियोग दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में 14 और 15 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 11 बजे से सुबह चार बजे के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति ग्रेफ चौक से वादी के घर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। संदिग्ध की फोटो और वीडियो के आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, टीम के प्रयासों के फलस्वरूप शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे गौचर-रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग पर सरस्वती विद्या मंदिर से आगे प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद हो गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
गौचर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं ने बताया कि प्राथमिक जांच में आरोपी के चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आई है। उसके विरुद्ध पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमेद सिंह भंडारी पुत्र स्वर्गीय दलबीर सिंह भंडारी, निवासी ग्राम कंडारा, थाना कर्णप्रयाग, जनपद चमोली, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में गौचर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, हेड कांस्टेबल अशोक रावत, हेड कांस्टेबल हरेंद्र नेगी और होमगार्ड विपिन राणा शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!