शिक्षा/साहित्य

संस्कृत सप्ताह से पहले राज्यपाल से मिले संस्कृत शिक्षा सचिव

 

इंडोनेशिया, नेपाल और थाइलैंड के राजदूतों से हुई बातचीत की दी जानकारी, 26 सितंबर तक मनेगा संस्कृत मास


देहरादून, 26 अगस्त। उत्तराखंड में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और संस्कृत शिक्षा को व्यापक स्वरूप देने के प्रयासों के बीच संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार ने संस्कृत सप्ताह के आयोजन के सिलसिले में राज्यपाल से भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को संस्कृत शिक्षा विभाग की हाल की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
संस्कृत शिक्षा सचिव ने पिछले कुछ सप्ताह के दौरान इंडोनेशिया, नेपाल और थाइलैंड के राजदूतों से हुई अपनी मुलाकात और संस्कृत भाषा एवं शिक्षा से जुड़े विषयों पर हुई चर्चा से राज्यपाल को अवगत कराया। उन्होंने पुणे और मुंबई के प्रतिष्ठित संस्कृत संस्थानों तथा विश्वविद्यालयों के भ्रमण और वहां संस्कृत अध्ययन, अध्यापन एवं शोध के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी साझा की।
राज्यपाल ने संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना करते हुए संस्कृत विश्वविद्यालय को इन भ्रमणों और विभिन्न देशों के राजनयिकों के साथ हुई बातचीत के आधार पर आगे की संभावनाओं पर काम करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में शैक्षणिक और संस्थागत सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाना है।
उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा विभाग की ओर से इस वर्ष भी विश्व संस्कृत दिवस के उपलक्ष्य में संस्कृत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, संस्कृत विश्वविद्यालय और संस्कृत शिक्षा निदेशालय के माध्यम से 25 अगस्त से शुरू हुआ संस्कृत सप्ताह 31 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान राज्य में संस्कृत भाषा और साहित्य से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस वर्ष संस्कृत सप्ताह के साथ उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् ने ‘संस्कृत मास’ मनाने का भी निर्णय लिया है। संस्कृत मास श्रावण पूर्णिमा यानी रक्षाबंधन से शुरू होकर भाद्रपद पूर्णिमा, 26 सितंबर तक चलेगा। इस अवधि में संस्कृत के प्रति विद्यार्थियों और आम लोगों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!