मुख्यमंत्री के पांच वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित गीत का विमोचन

देहरादून, 26 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन और आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता की ओर से तैयार विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। यह गीत मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और प्रदेश की विकास यात्रा पर आधारित है।
मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक और अन्य कलाकारों के साथ आदर्श संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का यह एक सराहनीय प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने तथा युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए विभिन्न निर्णयों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी एवं शिवानी नेगी और संगीतकार विजयपाल कलूड़ा सहित इससे जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आशा कोठारी ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल, प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल, गिरीश भट्ट, लक्ष्मी नारायण नवानी, आदित्य नौटियाल, सहदेव सिंह बिष्ट, सपना जवाड़ी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
