Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

कैलाश की ओर बढ़ रहीं नंदा देवी की तीनों डोलियां

 

यात्रा मार्गों पर उमड़ रहे श्रद्धालु, पूजा-अर्चना और भेंट-पवाड़ा के साथ हो रहा भव्य स्वागत


हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/नंदा धाम कुरूड़, 9 सितंबर। नंदा धाम कुरूड़ से कैलाश की ओर रवाना हुईं नंदा देवी की तीनों डोलियां अलग-अलग गांवों और कस्बों से होते हुए लगातार आगे बढ़ रही हैं। यात्रा मार्गों पर नंदा भक्त जिस गर्मजोशी, आदर-सत्कार और अपनत्व के साथ देव डोलियों का स्वागत कर रहे हैं, उसकी छटा देखते ही बन रही है। उबड़-खाबड़ रास्तों, गदेरों और नालों को पार करते हुए भी यात्रियों का उत्साह कम नहीं हो रहा है। देवी भक्त पूरे जोश और श्रद्धा के साथ नंदा की डोलियों के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
बधाण की डोली पहुंची सोल डुंग्री
बुधवार को बधाण की नंदा देवी राजराजेश्वरी मां भगवती की उत्सव डोली त्रयोदशी/चतुर्दशी के पर्व पर नंदानगर (घाट) के भेंटी, स्यारी और बंगाली होते हुए पिंडर घाटी के विकासखंड थराली के सोल डुंग्री पहुंची। इस दौरान सोल डुंग्री सहित पूरे यात्रा मार्ग पर नंदा भक्तों ने जयकारों के साथ डोली का स्वागत किया और पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगीं।
करीब 15 किलोमीटर का कठिन मार्ग पार कर डुंग्री पहुंची देव यात्रा का गांव सहित आसपास के ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। यहां रात्रि जागरण कर देवी की स्तुति की जाएगी। यात्रा मार्ग पर मंदिर समिति कुरूड़ के अध्यक्ष नरेश गौड़, पूर्व अध्यक्ष मनशा राम गौड़, योगेश्वर प्रसाद गौड़, कन्हैया प्रसाद गौड़, बची राम गौड़ और राजेश गौड़ सहित नंदा के पुजारियों ने श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
गुरुवार को देव यात्रा करीब 12 किलोमीटर की दूरी तय कर डुंग्री से केरा-मेन होते हुए सूना गांव पहुंचेगी। यहां अमावस्या के अवसर पर कालरात्रि का आयोजन कर यंत्र की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके साथ ही रात्रि जागरण भी होगा।
परगना बंड की डोली पांचवें पड़ाव कम्यार पहुंची
दशोली ब्लॉक के विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए कैलाश की ओर बढ़ रही परगना बंड की नंदा यात्रा अपने पांचवें पड़ाव कम्यार गांव पहुंच गई है। बुधवार प्रातः पूजा-अर्चना के बाद देव डोली नोरख गांव से विदा होकर मल्ला, अक्थला, नंदा देवी मंदिर नंदुली और रैतोली होते हुए करीब 16 किलोमीटर की यात्रा तय कर कम्यार पहुंची।
पूरे यात्रा मार्ग पर देवी भक्तों ने डोली का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर अपने परिवार और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। गुरुवार को यात्रा कम्यार से किरोली गांव पहुंचेगी, जहां देव पूजन का आयोजन किया जाएगा।
दशोली की डोली मटेई ग्वाड़ पहुंची
परगना दशोली की नंदा डोली भी अपने पांचवें पड़ाव मटेई ग्वाड़ गांव पहुंच गई है। बुधवार को यात्रा सेमा गांव से विदा होकर बैरासकुंड, इतमोली और दूबड़खेत होते हुए करीब 10 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर मटेई ग्वाड़ पहुंची।
यात्रा मार्ग पर स्थानीय गांवों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे देवी भक्तों ने नंदा की पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगीं। गुरुवार को यह यात्रा करीब 25 किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर छठे पड़ाव पगना गांव पहुंचेगी।
यात्रा के साथ चल रहे मंदिर समिति कुरूड़ के अध्यक्ष सुखबीर सिंह रौतेला ने बताया कि पूरे यात्रा मार्ग पर नंदा देवी की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। प्रतिदिन सैकड़ों नंदा भक्त देवी की डोली की पूजा-अर्चना करने के साथ ही भेंट-पवाड़ा देवी के चरणों में अर्पित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!