हिमालय दिवस पर छात्रों ने ली संरक्षण की शपथ, निकाली जागरूकता रैली

नरेंद्रनगर, 9 सितम्बर। हिमालय दिवस के अवसर पर धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई तथा रोवर्स एवं रेंजर्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने हिमालय के संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ ली।
कार्यक्रम के तहत हिमालय संरक्षण के प्रति जनजागरूकता के लिए महाविद्यालय परिसर से पीटीसी लिंक रोड तक रैली निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने लोगों को हिमालयी पर्यावरण के संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार का संदेश दिया।
एक दिवसीय शिविर के दौरान महाविद्यालय परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इसके तहत गाजर घास, लैंटाना तथा स्थानीय कंटीली झाड़ियों की कटाई-छंटाई कर परिसर की सफाई की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी.एस. नेगी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए हिमालय के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिमालय के पर्यावरण को सुरक्षित रखना वर्तमान के साथ ही भावी पीढ़ियों के लिए भी आवश्यक है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज फोंदनी ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रकृति के सजग प्रहरी के रूप में पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। रोवर्स संयोजक डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल और रेंजर्स संयोजक डॉ. अंकिता रावत ने भी हिमालय के पर्यावरणीय महत्व को रेखांकित करते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. संजय सिंह, डॉ. सुधा रानी, डॉ. सृचना सचदेवा, डॉ. सुशील कगड़ियाल, डॉ. सोनी तिलारा, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. बी.पी. पोखरियाल, डॉ. जितेंद्र नौटियाल, डॉ. नेतराम, अजय सहित महाविद्यालय के कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
