पिलखड़ा में 14 से दो दिवसीय नंदा देवी राजकीय मेला

थराली/देवाल, 11 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के ल्वाणी गांव स्थित पिलखड़ा में आगामी 14 और 15 सितम्बर को मां नंदा उत्सव के तहत 20वें राजकीय नंदा देवी राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण मेले का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने मेले को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
नंदा देवी राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष महावीर बिष्ट ने बताया कि मां नंदा देवी की उत्सव डोली के आगमन के उपलक्ष्य में सिद्धपीठ नंदा देवी मंदिर पिलखड़ा, ल्वाणी में दो दिवसीय मेले का आयोजन होगा। 14 सितम्बर को मेले का उद्घाटन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट बतौर मुख्य अतिथि करेंगे। इस अवसर पर देवाल के क्षेत्र प्रमुख तेजपाल रावत, हाट वार्ड की जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट और सवाड़ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
पहले दिन सुबह नौ बजे मंदिर में पूजा-अर्चना और यज्ञ-हवन होगा। पूर्वाह्न 11 बजे अतिथियों द्वारा मेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद क्षेत्रीय महिला मंगल दलों और रंगकर्मियों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
रात्रिकालीन सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन सवाड़ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम, कांग्रेस प्रदेश सचिव संदीप पटवाल और देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया करेंगे। सांस्कृतिक संध्या में राज्य के प्रसिद्ध सांस्कृतिक दल लोकगीत और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां देंगे।
15 सितम्बर को समापन समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पूर्व विधायक डॉ. जीत राम, थराली के क्षेत्र प्रमुख प्रवीण पुरोहित और चमोली हाइड्रो के प्रबंधक सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। इस दौरान क्षेत्रीय महिला मंगल दलों तथा स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
समिति अध्यक्ष महावीर बिष्ट ने बताया कि 15 सितम्बर को शाम करीब चार बजे मां नंदा देवी की उत्सव डोली पिलखड़ा पहुंचेगी। डोली के स्वागत और देवी की पूजा-अर्चना के साथ दो दिवसीय मेले का समापन होगा। उन्होंने बताया कि इस बार मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए आयोजन समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं।
