राजनीति

भाजपा ओबीसी विभाग के जिला उपाध्यक्ष दिनेश पंवार कांग्रेस में शामिल

देहरादून, 11 सितम्बर। भाजपा ओबीसी विभाग के पौड़ी जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह पंवार ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पंवार और उनके साथ आए लोगों का पार्टी में स्वागत किया। कांग्रेस ने दावा किया कि इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी पार्टी की सदस्यता ली।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुजाता पॉल के अनुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी थलीसैंण के अध्यक्ष मंगल सिंह के प्रयासों से यह सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंवार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में विश्वास जताया।


कांग्रेस में शामिल होने के बाद पंवार ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों के समाधान के लिए उन्होंने कांग्रेस के साथ जुड़ने का फैसला किया है। उनके आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से विशेषकर पौड़ी क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों ने राज्य में औद्योगिक विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए आधारभूत ढांचा तैयार किया था। उन्होंने वर्तमान सरकार की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार संबंधी नीतियों की आलोचना भी की।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस संगठन में नए लोगों को जोड़ने के साथ उन कार्यकर्ताओं के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा, जो लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही।
कांग्रेस की सदस्यता लेने वालों में भरत सिंह पंवार, मनवर सिंह पंवार, दिलवर सिंह पंवार, हर्ष सिंह पंवार, मुकेश पंवार, विकास पंवार, कुलदीप पंवार, मनोज पंवार, कमल बिष्ट, सुरेंद्र सिंह पंवार, दिनेश बिष्ट, अर्जुन पंवार, मोहित पंवार, दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद सिंह कंडारी, अंकित चौहान, पंकज गौड़, भुवेंद्र गौड़, पूर्व सैनिक आनंद सिंह पंवार और ग्राम प्रधान शशि कला सहित अन्य लोग शामिल बताए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!