Front Page

युवाओं के सुझावों से बनेगा भविष्य का उत्तराखंड

 

देहरादून, 13 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ में विद्यार्थियों से उत्तराखंड के भविष्य को लेकर सीधा संवाद किया। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में पलायन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, पर्यावरण और कौशल विकास जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत प्रदेशभर के 2,67,744 विद्यार्थियों ने निबंध और अपने विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सुझावों को राज्य के विकास की भावी योजनाओं में उपयोगी बनाया जा सकता है।
रुद्रप्रयाग की कक्षा 11 की छात्रा सीमा सेमवाल ने पलायन का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर जाना हमेशा नकारात्मक पलायन नहीं माना जा सकता, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर पैदा करना जरूरी है। देवप्रयाग की श्रेया सेमवाल ने ‘पहाड़ रहें, अपने रहें, मेरे सपने रहें’ विषय के माध्यम से रोजगार के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहने की आवश्यकता बताई।
छात्रा तमन्ना ने खेती से कम आय और रोजगार की समस्या उठाई, जबकि सृष्टि ने सरकारी स्कूलों और अस्पतालों के प्रति लोगों के भरोसे का सवाल रखा। अनुष्का ने पलायन रोकने के उपाय सुझाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 500 से अधिक स्मार्ट कक्षाएं संचालित हो रही हैं और कुछ क्षेत्रों में वापस गांव लौटने की प्रवृत्ति भी दिखाई दे रही है। उन्होंने युवाओं से रोजगार तलाशने के साथ रोजगार पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ने को कहा।
इशिका नेगी और गौरव बिष्ट ने पर्यटन, चारधाम यात्रा और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने पर सुझाव दिए। मुकेश कुशवाहा ने छोटे गांवों तक हेलीकॉप्टर एंबुलेंस जैसी स्वास्थ्य सुविधा तथा विद्यालय स्तर से कौशल प्रशिक्षण शुरू करने की आवश्यकता बताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक, नवाचार और रोजगारपरक शिक्षा में युवाओं को अवसर देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में छात्रा अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री को अपनी बनाई चित्रकृति भेंट की। विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत भागीदारी के लिए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा तथा बेहतर सहभागिता के लिए नोडल शिक्षक अंकुश को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे और मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विद्यार्थी, शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!