Front Pageशिक्षा/साहित्य

गढ़वाल विश्वविद्यालय : क्वालीफाइंग पेपर पास करने के लिए छात्रों को अंतिम अवसर

श्रीनगर गढ़वाल, 24 सितंबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने क्वालीफाइंग पेपर में अर्हता प्राप्त नहीं कर सके छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने का अंतिम अवसर दिया है। विश्वविद्यालय की विद्या परिषद की 25वीं बैठक में छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।

यह अवसर पर्यावरण विज्ञान तथा एलिमेंट्री बुक-कीपिंग एंड अकाउंटेंसी के क्वालीफाइंग पेपर में अर्हता प्राप्त नहीं कर सके विद्यार्थियों के लिए है। इसके लिए ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर से शुरू हो चुकी है। छात्र 15 अक्टूबर 2026 तक परीक्षा फॉर्म जमा कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क पांच हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

विश्वविद्यालय के अनुसार परीक्षा का आयोजन बिड़ला परिसर, श्रीनगर गढ़वाल में किया जाएगा। छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से ऑफलाइन परीक्षा फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क विश्वविद्यालय के कैश काउंटर पर नकद, ऑनलाइन अथवा बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा किया जा सकता है। बैंक ड्राफ्ट वित्त अधिकारी, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल के नाम देय होगा।

परीक्षा शुल्क और आवश्यक दस्तावेजों के साथ भरा हुआ फॉर्म संबंधित महाविद्यालय या संस्थान के प्राचार्य से अग्रसारित कराकर 20 अक्टूबर 2026 तक परीक्षा अनुभाग में जमा करना होगा। इसके बाद विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।

फॉर्म भरने में किसी तरह की समस्या होने पर छात्र अपने महाविद्यालय, संस्थान या परिसर से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा परीक्षा अनुभाग के अनुभाग अधिकारी से 9410127055 पर भी जानकारी ली जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!