उत्तराखंड को विकसित और सशक्त राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : धामी
देहरादून, 24 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता स्थायित्व और विकास चाहती है तथा राज्य सरकार समग्र विकास के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ा रही है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और युवाओं के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने का है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में अड्डा इनसाइडर समाचार पत्र की ओर से ‘उत्तराखंड-विकास, चुनौतियां और 2027 की राह’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनकी पार्टी का सिद्धांत ‘राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति तृतीय’ रहा है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और प्रधानमंत्री बनने के बाद वे अब तक 28 बार राज्य का दौरा कर चुके हैं। सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए माणा में उन्होंने सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम नहीं, बल्कि ‘प्रथम गांव’ बताया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य फिल्म शूटिंग, साहसिक पर्यटन और विवाह आयोजन स्थल के रूप में भी पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले लगभग पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी जारी है और अब तक 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप उत्तराखंड को विकसित और सशक्त राज्य बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
