बेराधार में ‘आंगन का उत्सव’, अभिभावकों को दी बच्चों की देखभाल की जानकारी

थराली, 25 सितंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल की ग्राम पंचायत बेराधार में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों के लालन-पालन, स्वास्थ्य और देखभाल के साथ ही आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
ग्राम प्रधान सुमित्रा देवी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री गोदांबरी देवी ने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए नियमित रूप से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
आशा कार्यकत्री ज्योति देवी ने अभिभावकों को बच्चों और प्रसूताओं की देखभाल के संबंध में उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर बसंती देवी, मुन्नी देवी, शांति देवी, बबिता देवी, अर्चना देवी, गंगा देवी, अंजली देवी, दीपा देवी, बीना देवी, दमयंती देवी और मालती देवी सहित अन्य महिलाओं ने भी अपने विचार साझा किए।
