सैनिक गांव सवाड़ का एक और युवा बनेगा अफसर, IMA के लिए हुए चयन
थराली, 26 सितम्बर (हरेन्द्र)। विकासखंड देवाल के सैनिक बहुल गांव सवाड़ के युवक नरेंद्र सिंह खत्री का संघ लोक सेवा आयोग की संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में चयन हुआ है। उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 220वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि पर सवाड़ गांव सहित देवाल क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
नरेंद्र सिंह खत्री पुत्र मेहरबान सिंह खत्री ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सवाड़ गांव से प्राप्त की। उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा गुरु नानक पब्लिक स्कूल, प्रेमनगर देहरादून से उत्तीर्ण की। इसके बाद केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी, देहरादून से 96 प्रतिशत अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने डीबीएस कॉलेज, देहरादून से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की।
सीडीएस के माध्यम से सैन्य अधिकारी प्रशिक्षण के लिए नरेंद्र के चयन से उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। सवाड़ की ग्राम प्रधान आशा धपोला, मुंदोली के पूर्व ग्राम प्रधान आनंद सिंह बिष्ट सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नरेंद्र को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
