बहुउद्देश्यीय शिविर में 60 मानसिक दिव्यांगों की जांच, विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
थराली, 26 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। थराली विधानसभा क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत कुलसारी में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में मानसिक दिव्यांगजनों सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उपचार किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को विभागीय योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी।
शनिवार को आयोजित शिविर का उद्घाटन करते हुए थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि सरकार बहुउद्देश्यीय शिविरों के माध्यम से दूरस्थ गांवों के गरीब और आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने शिविर में शामिल चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों से ग्रामीणों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। विधायक ने इस अवसर पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि चमोली जिले में अब तक 6,063 विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं। प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी पहचान पत्र जारी करने की कार्रवाई चल रही है। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के विजेंद्र जीत सोनी ने बताया कि शिविर में 60 मानसिक दिव्यांगजनों की जांच की गई। सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण राजेंद्र सिंह बिमोली ने बताया कि पेंशन से संबंधित शिकायतें दर्ज कर उनके निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिविर में फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, मानसिक रोग विशेषज्ञ, आयुर्वेद और होम्योपैथी चिकित्सकों ने रोगियों की जांच कर उपचार किया। कृषि विभाग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, श्रम विभाग, सहकारिता, ग्रामीण आजीविका, समाज कल्याण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नशा मुक्त भारत अभियान, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र और पंचायती राज विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर बाल आयोग के सदस्य गणेश मिश्रा, भाजपा कुलसारी मंडल अध्यक्ष गिरीश चमोला, थराली मंडल महामंत्री केदार जोशी, सुनीता बिष्ट, सुरज खत्री, महिपाल भंडारी, सुरेंद्र रावत, कैलाश जोशी, थराली प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र रावत और शार्प विकलांग समिति अध्यक्ष बृजमोहन नेगी सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए।
आंगन उत्सव में बच्चों की चित्रकला प्रदर्शनी
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन उत्सव’ में मदर लैंड पब्लिक स्कूल कुलसारी में चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा सहित अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके बनाए चित्रों की सराहना की।
विद्यालय के प्रबंधक भरत सिंह रावत और प्रधानाचार्य प्रदीप राणा ने बताया कि आंगन उत्सव के तहत निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है।
