राजनीति

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर वाम दलों का 30 सितंबर को गांधी पार्क में धरना

 


देहरादून, 26 सितंबर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर वाम दलों ने संयुक्त आंदोलन का ऐलान किया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाकपा (माले) के कार्यकर्ता तथा विभिन्न जनसंगठन 30 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे देहरादून के गांधी पार्क में धरना देंगे। इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा।

तीनों वाम दलों की संयुक्त बैठक माकपा के राज्य कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी की केंद्रीय कमेटी के सदस्य राजेंद्र नेगी ने की। बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई और 30 सितंबर को संयुक्त धरना आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
माकपा के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि गांधी पार्क में आयोजित धरने में समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों, जनसंगठनों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक संगठनों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसी दिन राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। राष्ट्रपति को भेजे जाने वाले ज्ञापन में भी यही मांग प्रमुख रूप से शामिल रहेगी।
बैठक में भाकपा राष्ट्रीय परिषद के पूर्व सदस्य समर भंडारी, भाकपा के राज्य सचिव जगदीश कुलियाल, भाकपा (माले) के इंदेश मैखुरी, माकपा के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित तथा सचिव मंडल के शिवप्रसाद देवली, लेखराज और अनंत आकाश सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
वाम दलों ने प्रगतिशील एवं लोकतांत्रिक संगठनों और आम नागरिकों से 30 सितंबर को गांधी पार्क में होने वाले धरने में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!