हरियाणा के युवाओं ने उत्तराखंड की विकास योजनाओं को सराहा

देहरादून, 3 अक्टूबर। उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। युवाओं ने राज्य में सड़क एवं डिजिटल कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना विकास के प्रयासों की सराहना की।
युवाओं ने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्हें राज्य के विभिन्न क्षेत्रों और सरकारी योजनाओं से स्थानीय लोगों के जीवन में आए बदलावों को समझने का अवसर मिला। पर्वतीय भूगोल के बावजूद सड़क और डिजिटल संपर्क के विस्तार के साथ रेलवे नेटवर्क विकसित करने की दिशा में हो रहे कार्यों ने उन्हें प्रभावित किया।
उन्होंने उत्तराखंड के स्वच्छ पर्यावरण, होम-स्टे के विस्तार और पर्यटन सुविधाओं को भी उल्लेखनीय बताया। उनका कहना था कि होम-स्टे से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास भी देखने को मिला। युवाओं ने सोलर रूफटॉप योजना को राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुकूल बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण से युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, विकास योजनाओं और नवाचारों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों में लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन, होम-स्टे, स्थानीय उत्पादों, सौर ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से उत्तराखंड में मिले अनुभवों को हरियाणा के युवाओं और सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करने का आग्रह करते हुए उन्हें उत्तराखंड का ‘डिजिटल ब्रांड एंबेसडर’ बताया।
