थराली के गांव में तारबाड़ में फंसा भालू, वन विभाग ने सुरक्षित बचाया, see rescue operation
– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली, 12 अक्टूबर। विकासखंड थराली के कुराड़ गांव में खेतों की सुरक्षा के लिए लगाई गई तारबाड़ में एक भालू के फंस जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद भालू को तारों से मुक्त कराकर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात कुराड़ गांव के लुणगिल तोक में भोजन की तलाश में जंगल से निकला एक भालू खेतों की ओर आ गया। इसी दौरान वह जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए लगाई गई तारबाड़ में उलझ गया। भालू रातभर तारों से निकलने का प्रयास करता रहा, लेकिन सफल नहीं हो सका।

सोमवार सुबह भालू की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तारबाड़ में फंसे भालू को देखकर ग्रामीण भयभीत हो गए। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बदरीनाथ वन प्रभाग, गोपेश्वर के अंतर्गत मध्य पिंडर वन क्षेत्र, थराली को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और भालू को सुरक्षित निकालने का अभियान शुरू किया। टीम ने जाल एवं अन्य उपकरणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद भालू को तारों से मुक्त कराया। इसके बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
थराली के वन क्षेत्राधिकारी मनोज देवराड़ी ने बताया कि भालू भोजन की तलाश में जंगल से आबादी की ओर आया था और इसी दौरान खेतों की तारबाड़ में फंस गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि भालू को सुरक्षित निकालकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है।

