वांण गांव में ‘एडवेंचर फाउंडेशन कोर्स’ का हुआ समापन
साहसिक पर्यटन से रुकेगा पलायन, युवाओं को मिलेगा रोजगार: तेजपाल रावत

थराली/देवाल (हरेंद्र बिष्ट): विकास खंड देवाल के अंतर्गत वांण गांव में जिला पर्यटन विभाग, चमोली द्वारा आयोजित ‘एडवेंचर फाउंडेशन कोर्स’ का बुधवार को समापन हो गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने कहा कि साहसिक पर्यटन के बलबूते स्थानीय युवा बेहतरीन रोजगार प्राप्त कर सकते हैं और इसके जरिए पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहे पलायन को भी रोका जा सकता है।
वांण में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान क्षेत्रीय युवाओं एवं बच्चों को साहसिक गतिविधियों, पर्वतीय जीवन, प्रकृति संरक्षण, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि पर्यटकों को साहसिक पर्यटन की ओर किस तरह आकर्षित किया जा सकता है। बुधवार को आयोजित एक समारोह में पुरस्कार वितरण के साथ इस शिविर का विधिवत समापन हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तेजपाल रावत ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों को सिखाए गए साहसिक पर्यटन के गुर (टिप्स) उनके भविष्य के लिए बेहद लाभदायक होंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देवाल क्षेत्र में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिसके जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा सकता है। सरकार उत्साही युवक-युवतियों को स्वरोजगार के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है, बस आवश्यकता एक कारगर योजना बनाने की है। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण के प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया।
इस मौके पर वांण की ग्राम प्रधान नंदूली देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा देवी, मंदिर समिति के अध्यक्ष व पूर्व ग्राम प्रधान कृष्णा बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता हीरा बुग्याली, हीरा गढ़वाली, संदीप बिष्ट, धर्मेंद्र बिष्ट और हेमंत बिष्ट आदि उपस्थित रहे और अपने विचार व्यक्त किए।

