Front Page

नरेंद्र नगर में पार्किंग निर्माण को मिलेगी गति: 1.38 करोड़ रुपये की डीपीआर को मंजूरी

 

देहरादून, 14 अक्टूबर । उत्तराखंड सरकार प्रदेश में यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी दिशा में, नरेंद्र नगर में मोटरनाला और पुलिस थाने के पास प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

बुधवार को राज्य सचिवालय में आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में विभागीय वित्त समिति की बैठक हुई। इस बैठक में प्रोजेक्ट की तकनीकी और वित्तीय समीक्षा करने के बाद, निर्माण के लिए जरूरी धनराशि जल्द से जल्द जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री की घोषणा होगी पूरी : यह पार्किंग प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की साल 2021 की एक अहम घोषणा का हिस्सा है। पहाड़ों पर बढ़ते पर्यटन और वाहनों की भारी आवाजाही के कारण नरेंद्र नगर में व्यवस्थित पार्किंग की बहुत जरूरत थी। इस पार्किंग के बनने से न सिर्फ स्थानीय लोगों को बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी और जाम से छुटकारा मिलेगा।

1.38 करोड़ रुपये होगी लागत: बैठक में बताया गया कि इस पार्किंग के निर्माण की विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर) के अनुसार इसकी कुल लागत 138.20 लाख रुपये (करीब 1.38 करोड़ रुपये) तय की गई है। समिति ने वित्त विभाग से कहा है कि वह तुरंत पैसा जारी करे, ताकि निर्माण कार्य में कोई देरी न हो। अधिकारियों को यह भी सख्त हिदायत दी गई है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।

जल्द शुरू होगा काम :आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि सरकार मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार आम जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “नरेंद्र नगर में बनने वाली इस पार्किंग के लिए वित्त विभाग को धन जारी करने के निर्देश दे दिए गए हैं। पैसा मिलते ही हम प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू करवा देंगे। हमारी कोशिश है कि प्रोजेक्ट तय समय और तय मानकों के साथ पूरा हो, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका फायदा मिल सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!