Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

अर्ध कुम्भ 2027 : एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना का मेलाधिकारी और आईजी ने किया स्थलीय निरीक्षण

*हरिद्वार बाईपास के लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, संसाधन बढ़ाकर दिन-रात काम करने पर जोर*

*कुंभ के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर बहादराबाद से जगजीतपुर तक निर्माण कार्यों का जायजा*

हरिद्वार, 23 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बनाने और यातायात संचालन की बेहतर व्यवस्था के लिए हरिद्वार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी परियोजनाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शुक्रवार को आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत तथा मेला, पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ हरिद्वार बाईपास परियोजना के पैकेज-1 के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। बहादराबाद से सराय होते हुए जगजीतपुर तक निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार बाईपास सहित एनएचएआई की अन्य परियोजनाएं कुंभ के सुव्यवस्थित आयोजन और श्रद्धालुओं के सुविधाजनक आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। इसलिए निर्माण कार्यों में तेजी लाकर इन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को कार्यस्थल पर आवश्यक संसाधन और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के साथ ही दिन-रात काम जारी रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी और आईजी कुंभ ने हरिद्वार बाईपास परियोजना के पहले चरण में बहादराबाद से सराय होते हुए जगजीतपुर तक निर्माणाधीन हिस्से का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने कुंभ के दौरान इस मार्ग के उपयोग, दक्षद्वीप पार्किंग तक वाहनों की आवाजाही तथा प्रवेश और निकास मार्गों की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की। मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को इस तरह पूरा किया जाए, जिससे कुंभ के दौरान यातायात संचालन में सुविधा मिले और पार्किंग स्थलों तक पहुंचने वाले वाहनों का आवागमन व्यवस्थित रखा जा सके।

उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सड़क संपर्क और यातायात प्रबंधन की तैयारियां समय रहते पूरी करना आवश्यक है। इसके लिए निर्माण कार्यों की गति के साथ ही यातायात संचालन से जुड़े पहलुओं पर भी सर्वोच्च ध्यान दिया जाना जरूरी है।

मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यस्थल पर संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण कार्यों के दौरान किसी प्रकार की समस्या सामने आती है, तो उसके निस्तारण में मेला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार क्षेत्र में एनएचएआई की परियोजनाओं की कुंभ की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए इनकी प्रगति की मेला प्रशासन के स्तर से नियमित समीक्षा की जाएगी। निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी के लिए कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जा सके।

मेलाधिकारी ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से हरिद्वार को जोड़ने वाली निर्माणाधीन हरिद्वार स्पर परियोजना सहित राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी अन्य परियोजनाओं को भी समय से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान यातायात का दबाव कम करने, श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने और शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए सड़क संपर्क से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी कुंभ श्री आयुष अग्रवाल, अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, एनएचएआई के रुड़की खंड के परियोजना निदेशक श्री पुनीत गर्ग, सीओ कुंभ श्री उमेश कुमार मलिक, यातायात निरीक्षक श्री हितेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!