गौचर में कांग्रेस की न्याय यात्रा का फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ स्वागत

गौचर, 23 अक्टूबर (गुसाईं)। बदरीनाथ धाम से शुरू हुई कांग्रेस की न्याय यात्रा के शुक्रवार को गौचर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और गढ़वाल सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में 22 अक्टूबर को भगवान बदरी विशाल की पूजा-अर्चना के बाद न्याय यात्रा शुरू हुई थी। गुरुवार को यात्रा रात्रि विश्राम के लिए चमोली पहुंची। शुक्रवार को गौचर पहुंचने पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के स्वागत के लिए सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता नगर के एक वेडिंग प्वाइंट के बाहर फूल-मालाएं लेकर कतारबद्ध खड़े थे। जैसे ही यात्रा गौचर पहुंची, कार्यकर्ताओं ने ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’ के नारे लगाते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित यात्रा में शामिल नेताओं का स्वागत किया।
इसके बाद न्याय यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए स्थानीय पुलिस चौकी तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव मुकेश नेगी, नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी, अजय किशोर भंडारी, पालिका सभासद पूनम रावत, मदन लाल टम्टा, जीत सिंह बिष्ट, प्रताप खत्री, गजपाल नेगी, रजनी लिंगवाल, लीला रावत, अनीता चौहान, मंजू खत्री, गिरधारी लाल, मोहन लाल, भरत नेगी, संगीता बिष्ट, हरीश नयाल और महावीर नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

