गौचर में आवारा कुत्तों का टीकाकरण शुरू, अब तक 60 कुत्तों को लगे
गौचर, 23 अक्टूबर (गुसाईं)। उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेशों के अनुपालन में नगर पालिका परिषद गौचर ने आवारा कुत्तों का टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। ह्यूमन वर्ल्ड फॉर एनिमल संस्था के सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य लोगों को रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी के खतरे से बचाना है।
नगर पालिका की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में संस्था ने 21 अक्टूबर से पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्तों का टीकाकरण शुरू किया है। अभियान के तहत अब तक 60 कुत्तों को रेबीजरोधी टीके लगाए जा चुके हैं। नगर पालिका का कहना है कि इस अभियान से आवारा कुत्तों के माध्यम से रेबीज संक्रमण फैलने की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।

