Front Page

पिथौरागढ़ को 284 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

 

**मुख्यमंत्री ने 33 योजनाओं का लोकार्पण और 34 का शिलान्यास किया, विकास संबंधी नौ घोषणाएं भी कीं**

पिथौरागढ़, 25 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में 284 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 67 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 105.30 करोड़ रुपये के 33 कार्यों का लोकार्पण तथा 178.76 करोड़ रुपये के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से संबंधित नौ घोषणाएं भी कीं। इस अवसर पर विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक के चेक वितरित किए गए।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ी हैं। उन्होंने इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना जताई। इससे स्थानीय परिवहन, होमस्टे और पर्यटन व्यवसाय को लाभ मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक लागत से विकसित हो रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नैनीसैनी हवाई अड्डे के विकास पर लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। पिथौरागढ़–बांस–आंवलाघाट सड़क एवं पुल बनने से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने नकल विरोधी कानून, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण संबंधी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

**मुख्यमंत्री की नौ घोषणाओं** में नैनीसैनी देवत–कनारी पाभैं मार्ग का डामरीकरण, कैलीगाड़ पुल–बेस अस्पताल सड़क का सुधारीकरण, डीडीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकरण, मवानी अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकरण, मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना, ज्याला मंदिर–छाना पाण्डेय सीसी मार्ग निर्माण, चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण तथा चण्डाक–छेड़ा दिगतोली सड़क का चौड़ीकरण शामिल हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने सीमांत क्षेत्रों में सड़क संपर्क और पर्यटन विस्तार की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में विधायक बिशन सिंह चुफाल, फकीर राम टम्टा, महापौर कल्पना देवलाल और जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!