Front Pageआपदा/दुर्घटना

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसा : सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीर बरामद, एम्स ऋषिकेश भेजे गए

ज्योतिर्मठ, 1 नवंबर (कपरुवाण)। जोशीमठ के समीप हुए हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए सभी छह लोगों के पार्थिव शरीरों को दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाने का चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है। भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दिया।
दुर्घटनास्थल अत्यंत दुर्गम और ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण बचाव दलों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। टीमों ने कठिन पहाड़ी रास्तों से पैदल दुर्घटनास्थल तक पहुंचकर सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीरों को बाहर निकाला। चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
दुर्घटनास्थल से निकाले गए सभी पार्थिव शरीरों को सड़क मार्ग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जोशीमठ लाया गया। वहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी शवों को एनटीपीसी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के माध्यम से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश भेज दिया गया।
इस अभियान में सेना और अर्द्धसैनिक बलों के साथ राज्य की आपदा प्रबंधन एजेंसियों, पुलिस, जिला प्रशासन तथा वन विभाग की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!