लोहाजंग में 23 से 27 नवंबर तक आयोजित होगा शेर सिंह दानू स्मृति पर्यटन विकास मेला
मेला समिति की पुरानी कार्यकारिणी पर जताया भरोसा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियां शुरू
थराली/देवाल, 1 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। पर्यटन नगरी लोहाजंग में आगामी 23 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले पूर्व विधायक स्वर्गीय शेर सिंह दानू स्मृति सांस्कृतिक, औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले के सफल आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में पुरानी कार्यकारिणी के कार्यों पर विश्वास व्यक्त करते हुए उसे यथावत बनाए रखने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
लोहाजंग स्थित मेला आयोजन स्थल पर समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पिछले वर्ष आयोजित मेले का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। बैठक में मेले में अतिथियों को आमंत्रित करने के लिए आमंत्रण समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि इस वर्ष भी मेले को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय विद्यालयों, महाविद्यालयों और महिला मंगल दलों के साथ ही प्रदेश के प्रसिद्ध सांस्कृतिक दलों तथा लोकगायक एवं लोकगायिकाओं को आमंत्रित किया जाएगा। मेले के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला और पर्यटन संभावनाओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
समिति ने निर्णय लिया कि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्वर्गीय रामचंद्र उनियाल की स्मृति में मेले के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा सरकारी विभागों, सहकारी समितियों और विभिन्न संस्थाओं को अपने उत्पादों एवं योजनाओं के प्रदर्शन के लिए स्टॉल लगाने हेतु आमंत्रित किया जाएगा। मेले में लकी ड्रॉ भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
बैठक में समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन मेहरबान सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, सचिव खड़क सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष भुवन बिष्ट, प्रबंधक बख्तावर सिंह बिष्ट, संरक्षक प्रद्युम्न सिंह पुजारी, प्रचार सचिव प्रकाश चंद्र कुनियाल, क्रीड़ा सचिव बच्ची राम, सहसंरक्षक कैप्टन दुली राम, संस्थापक सदस्य राजेंद्र प्रसाद कुनियाल, खड़क सिंह दानू, अल्ट्रा धावक कलम सिंह बिष्ट, महिपाल सिंह दानू, जयवीर राणा, दर्शन दानू, रणजीत सिंह पटवाल, अजीत नेगी, मोहन राणा और कलम सिंह सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार एवं सुझाव रखे।

