नारायणबगड़ में दीपावली मिलन समारोह आयोजित, उत्तरायणी मेले को भव्य बनाने पर जोर

थराली, 3 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड मुख्यालय नारायणबगड़ में ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला की पहल पर दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, विकासखंड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मंगलवार को आयोजित समारोह की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने सभी को दीपावली की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। इसे सभी को अपने परिजनों, मित्रों एवं भाई-बंधुओं के साथ मिलकर हर्षोल्लास से मनाना चाहिए। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके जीवन मूल्यों को अपनाकर ही एक स्वच्छ, संस्कारवान एवं आदर्श समाज की स्थापना की जा सकती है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंदोला ने आगामी उत्तरायणी पर्व पर नारायणबगड़ में तीन दिवसीय मेले को भव्य स्वरूप देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन में स्थानीय लोक कलाकारों को अधिकाधिक अवसर दिए जाने चाहिए, ताकि क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं लोककलाओं को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों से मेले के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग की अपील की।
समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपक और मिठाइयां वितरित की गईं। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर कोठली वार्ड की जिला पंचायत सदस्य साक्षी नेगी, प्रधान संघ अध्यक्ष योगेंद्र सिंह खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह रावत (दीपू), नीरज नेगी, विपिन परिहार, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह, उर्मिला कंडारी, सुरेंद्र लाल, मोनू सती, सूरज रावत, रग्गी नेगी, देवेंद्र कोहली सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा विकासखंड कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

