बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की तैयारियां तेज, सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने लिया जायजा
अंतिम दर्शनों के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु, उत्सव डोलियों की यात्रा और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष निर्देश
बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 13 नवंबर (कपरुवाण)। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रियाएं गुरुवार से पंच पूजाओं के साथ शुरू हो चुकी हैं। पहले दिन भगवान गणेश के मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस बीच भगवान बदरीविशाल के अंतिम दर्शनों के लिए धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कपाट बंद होने के अवसर पर संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की तैयारियां तेज कर दी हैं।
कपाट बंद होने से पहले पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने गुरुवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कपाट बंद होने के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मंदिर परिसर और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। दर्शनार्थियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के साथ ही यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल से भेंट कर उनके वापसी कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रभारी धर्माधिकारी, वेदपाठियों, लक्ष्मी मंदिर के पुजारियों, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों और पंडा पंचायत के सदस्यों से भी संवाद कर कपाट बंद होने से संबंधित धार्मिक कार्यक्रमों एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कपाट बंद होने के बाद 17 नवंबर को भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। इसके अगले दिन 18 नवंबर को आद्य गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी और भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ की डोली ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचेगी।
पुलिस अधीक्षक ने इन धार्मिक यात्राओं के महत्व को देखते हुए डोली यात्रा के संपूर्ण मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कपाट बंद होने के बाद भी धाम में जारी रहने वाले निर्माण कार्यों में लगे सभी श्रमिकों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए। इसके लिए थाना प्रभारी बदरीनाथ को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मंदिर की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और उत्तराखंड पुलिस के जवानों से भी बातचीत की। उन्होंने जवानों की ड्यूटी, सुरक्षा संसाधनों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पूरी सतर्कता, आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन का विशेष ध्यान कपाट बंद होने के दिन श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और उसके बाद उत्सव डोलियों की निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।

