Front Page

उत्तराखंड के विकास में प्रवासियों की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान, 30 ने गोद लिए पैतृक गांव

देहरादून, 13 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रवासी उत्तराखंडियों को राज्य की अमूल्य निधि बताते हुए कहा कि उनके अनुभव, विशेषज्ञता, संसाधनों और सामर्थ्य का उपयोग प्रदेश के समग्र विकास में किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रवासियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत और पैतृक गांवों से जुड़े रहने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि और उद्यमिता के क्षेत्रों में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले 30 प्रवासियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल मातृभूमि के प्रति लगाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासियों को भी गांवों के विकास में भागीदारी की प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से विशिष्ट पहचान बना रहे हैं। राज्य सरकार चाहती है कि उनकी उपलब्धियों और अनुभवों का लाभ उत्तराखंड को भी मिले। सरकार विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वयकारी भूमिका निभा सकती है, लेकिन व्यापक विकास के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता और सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की साढ़े तीन लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं के लिए जल्द प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा करते हुए उन्होंने अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों तथा भोजन माताओं का मानदेय बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एप्पल, कीवी और तिमुर मिशन के माध्यम से कृषि-बागवानी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों के विपणन के लिए स्थापित ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं, किच्छा एम्स सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तार तथा हेली सेवाओं के विकास का भी उल्लेख किया।

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि सड़क सुविधाओं के विस्तार से दूरस्थ गांवों तक पहुंच आसान हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को उसकी विशिष्ट पहचान बताया। विधायक विनोद चमोली ने प्रवासियों से पैतृक गांवों में घर बनाने की अपील की।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रवासियों को राज्य का वास्तविक ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि उनके साथ नियमित संवाद के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखंड प्रकोष्ठ और अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखंड परिषद गठित की गई। उन्होंने प्रवासियों से संबंधित वेबसाइट पर पंजीकरण कराकर राज्य के विकास में सहयोग देने की अपील की।

सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, प्रसार भारती अध्यक्ष प्रसून जोशी, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, सुधांश पंत, दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!