क्षेत्रीय समाचार

थराली अस्पताल की बदहाली के खिलाफ धरना चौथे दिन भी जारी, सत्ता पक्ष आंदोलन में और विपक्ष नदारद

 

 

थराली, 13 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने की मांग को लेकर युवा संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के युवा संगठन से जुड़े कार्यकर्ता ही अपनी सरकार के खिलाफ आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की आंदोलन से दूरी कई राजनीतिक सवाल खड़े कर रही है।

सीएचसी थराली में विशेषज्ञ चिकित्सकों और पर्याप्त चिकित्सा कर्मचारियों की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से युवा संघर्ष समिति थराली के बैनर तले आंदोलन चलाया जा रहा है। शुक्रवार को चौथे दिन भी आंदोलनकारी अस्पताल परिसर में धरने पर डटे रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, आंदोलन जारी रहेगा।

 

आंदोलनकारियों का कहना है कि थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंडों की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सीएचसी थराली पर निर्भर है। इसके बावजूद अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, पर्याप्त कर्मचारियों और आवश्यक जांच सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। सामान्य उपचार और जांच के लिए भी मरीजों को दूसरे अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। गंभीर मरीजों को अन्य अस्पतालों के लिए रेफर करना यहां की आम समस्या बन चुकी है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक तथा मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

धरने के चौथे दिन भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा, युवा संघर्ष समिति थराली के अध्यक्ष संजय जोशी, नरेंद्र कुमार, सुनीता देवी, अनीता देवी, संजय राणा, आनंद सिंह, उमेश देवराड़ी, भरत सिंह, योगेश देवराड़ी, अंकुर देवराड़ी, दीपक जोशी और प्रेम बल्लभ सहित अनेक आंदोलनकारी मौजूद रहे।

इस दौरान धरना स्थल पर विरोध का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। काखड़ा गांव की गंगा देवी और किमनी गांव की देवकी सोनियाल ने जनगीतों के माध्यम से सीएचसी थराली की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और क्षेत्रीय जनता की पीड़ा को अभिव्यक्त किया। उन्होंने शासन-प्रशासन से अस्पताल की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

इस आंदोलन ने स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों को भी चर्चा के केंद्र में ला दिया है। केंद्र और प्रदेश, दोनों जगह सत्ता में काबिज भाजपा के ही युवा संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। इससे सवाल उठता है कि जब सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं की मांगों पर भी सुनवाई नहीं हो रही है, तो आम जनता की शिकायतों का समाधान किस तरह होगा?

दूसरी ओर, क्षेत्र की इतनी महत्वपूर्ण जनसमस्या को लेकर चल रहे आंदोलन में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी दिखाई नहीं दे रही है। स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा के लिए चल रहे संघर्ष से विपक्ष की दूरी भी उसकी क्षेत्रीय सक्रियता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े करती है।

फिलहाल आंदोलनकारियों के तेवरों से स्पष्ट है कि वे केवल आश्वासनों के आधार पर धरना समाप्त करने के पक्ष में नहीं हैं। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग और शासन अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!