Front Pageराष्ट्रीय

भारत में करीब 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले ?

 गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर आज मंथन

नई दिल्ली, 23 नवंबर। देश में गरीबी उन्मूलन के प्रयासों को और प्रभावी बनाने तथा गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से सोमवार को नई दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में होने वाली इस कार्यशाला में किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका के अवसरों का विस्तार करने और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी में विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के हवाले से कहा गया है कि वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। इस अवधि में गरीबी की दर 57.70 प्रतिशत से घटकर 16.10 प्रतिशत रह गई है। मंत्रालय का कहना है कि गरीबी में इस गिरावट में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

‘भारत में गरीबी कम करने में कृषि एवं ग्रामीण विकास की भूमिका और योगदान’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, भागीरथ चौधरी, चंद्रशेखर पेम्मासानी और कमलेश पासवान के अलावा दोनों मंत्रालयों के सचिव, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे।

कार्यशाला में गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा के साथ भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी। विशेष रूप से उन परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार के उपायों पर विचार किया जाएगा, जो अभी भी गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहे हैं। इसके लिए कृषि और ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की पहुंच बढ़ाने तथा उनके जमीनी क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यशाला में गरीबी उन्मूलन के प्रयासों में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, किसानों की आमदनी में वृद्धि करने और कमजोर वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए भावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!