राजनीति

कांग्रेस में गुटबाजी के लिए कोई जगह नहीं : शैलजा

थराली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश, विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान

— हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट —

थराली, 23 नवंबर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, सांसद एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने थराली में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी के लिए कोई स्थान नहीं है और पार्टी हाईकमान का निर्णय ही अंतिम होगा। पार्टी जिस भी प्रत्याशी को टिकट देगी, सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करना होगा।

कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न जिलों का भ्रमण करने के बाद कुमारी शैलजा थराली विधानसभा क्षेत्र पहुंचीं। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनके इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, बदरीनाथ के विधायक लखपत सिंह बुटोला, कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण और थराली के पूर्व विधायक डॉ. जीतराम सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

विकासखंड थराली के सभागार में आयोजित बैठक में कुमारी शैलजा ने थराली सहित चमोली जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, आम जनता से संवाद बढ़ाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की कथित विफलताओं को घर-घर पहुंचाने के साथ ही कांग्रेस की रीति-नीति से लोगों को अवगत कराने पर जोर दिया।

शैलजा ने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर संगठन के हित में काम करना होगा। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की आलोचना भी की।

पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने पेपर लीक, अंकिता भंडारी हत्याकांड और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भ्रष्टाचार, पेपर लीक, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी तथा गरीबों से जुड़े मुद्दों पर सरकार के खिलाफ मुखर होने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

बैठक में स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव दिए। प्रदेश प्रभारी सहित वरिष्ठ नेताओं के थराली पहुंचने पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

इससे पूर्व कांग्रेस के थराली ब्लॉक अध्यक्ष विनोद रावत, क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रवीण पुरोहित, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, प्रदेश सचिव संदीप कुमार, महेश त्रिकोटी, देवाल के पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल, पूर्व छात्र नेता महावीर सिंह बिष्ट, इंद्र सिंह राणा और प्रताप राम सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया।

संपादकीय टिप्पणी : करन माहरा के पदनाम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं होने के कारण समाचार में उनका केवल नाम रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!