ब्लॉगराष्ट्रीय

नई चेतना 5.0 अभियान 25 नवंबर से : महिलाओं की आजीविका, सुरक्षा और समान अवसरों पर रहेगा जोर

Joint Inter-Ministerial Advisory involving 15 Ministries/Departments and Signed Quadripartite MoU on Violence-Free Village Initiative to be Unveiled

 

– A PIB FEATURE-

ग्रामीण विकास मंत्रालय का राष्ट्रीय लैंगिक समानता अभियान ‘नई चेतना – पहल बदलाव की’ का पांचवां संस्करण 25 नवंबर से शुरू होगा। यह अभियान 23 दिसंबर तक देशभर में चलाया जाएगा। इसे दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित किया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति विक्रम नाथ उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम शाम चार बजे भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम, एनएएससी कॉम्प्लेक्स, पूसा, नई दिल्ली में होगा। इसमें ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी, विभिन्न मंत्रालयों के अधिकारी, राज्य सरकारों के प्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला प्रतिनिधियां भी भाग लेंगी।

इस वर्ष अभियान का विषय है—“पहुंच से अधिकारिता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण।” इसमें महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, आजीविका के अवसर, सुरक्षित आवागमन और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता पर जोर दिया जाएगा।

महिलाओं की आर्थिक भागीदारी पर ध्यान

अभियान के तहत महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में पहचान देने और संपत्ति पर उनके अधिकार तथा नियंत्रण को मजबूत करने के प्रयास होंगे। महिलाओं के लिए सुरक्षित आवागमन और घर के अवैतनिक देखभाल कार्यों में जिम्मेदारियों के समान बंटवारे पर भी जोर दिया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि उन बाधाओं को दूर करने के लिए विभिन्न विभागों और सामुदायिक संस्थाओं के बीच समन्वय बढ़ाना है, जो महिलाओं की आजीविका, बाजार, वित्तीय सेवाओं, सार्वजनिक स्थानों और जरूरी सेवाओं तक पहुंच को सीमित करती हैं।

15 मंत्रालयों की साझा कार्ययोजना

कार्यक्रम में 15 मंत्रालयों और विभागों की संयुक्त परामर्शिका जारी की जाएगी। इसमें अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए विभागों की भूमिकाएं और साझा प्रयासों की रूपरेखा दी जाएगी। इसका मकसद राष्ट्रीय स्तर से लेकर गांव तक योजनाओं और सेवाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना है।

हिंसा-मुक्त ग्राम पहल के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच हुए चार पक्षीय समझौता ज्ञापन को भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके तहत लैंगिक हिंसा की रोकथाम और हिंसा से प्रभावित महिलाओं को सहायता तथा न्याय दिलाने के लिए संबंधित संस्थाओं के बीच समन्वय मजबूत करने की व्यवस्था की जाएगी। कानूनी अधिकारों की जानकारी और सहायता सेवाओं तक पहुंच भी इस पहल का हिस्सा होगी।

गांवों में सहायता केंद्र और महिला नेतृत्व

स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन, क्लस्टर स्तरीय संघ, जेंडर रिसोर्स सेंटर और अन्य सामुदायिक संस्थाएं अभियान को गांवों तक पहुंचाने में भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम में नए जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन भी होगा। ये केंद्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं, सहायता सेवाओं और शिकायत निवारण की जानकारी पाने में मदद करेंगे।

कार्यक्रम में दो पैनल चर्चाएं होंगी। पहली में जेंडर रिसोर्स सेंटर, वन स्टॉप सेंटर, विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच समन्वय पर चर्चा होगी। दूसरी चर्चा में जमीनी स्तर पर काम कर रही महिला नेतृत्वकर्ता अपने अनुभव, नए प्रयास और सुझाव साझा करेंगी।

इस अवसर पर ‘नई चेतना 4.0’ की मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की जाएगी। इसमें पिछले अभियान के अनुभव और सीख का विवरण होगा। विभिन्न राज्यों की अच्छी कार्यप्रणालियों और समुदाय आधारित पहलों पर वीडियो भी दिखाए जाएंगे। अभियान के लिए तैयार किए गए नए वीडियो संसाधन भी जारी होंगे।

‘नई चेतना’ अभियान की शुरुआत 2022 में हुई थी। इसका उद्देश्य लैंगिक हिंसा रोकना, भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को चुनौती देना और समानता को बढ़ावा देना है। पांचवें संस्करण में पुरुषों, लड़कों और युवाओं की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि समान जिम्मेदारी और महिलाओं की स्वतंत्रता के लिए अनुकूल वातावरण बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!