खेल/मनोरंजनब्लॉग

मां की तड़प से लेकर बच्चे के जीवन के संघर्ष तक: ‘रहमा’ और ‘द फार्म’ ने इफ्फी में पेश कीं दिल को छू लेने वाली कहानियां

Stories of motherhood, compassion, human vulnerability and the sanctity of life came into focus at a press conference featuring filmmakers associated with two films showcased under the International Cinema Section of the 57th International Film Festival of India (IFFI), being held in Goa. The films, Rahma and The Farm, explore distinct yet deeply interconnected themes, inviting audiences to look beyond their own struggles and recognise the pain and aspirations of others.

 

– A PIB FILM FEATURE-

गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के अंतरराष्ट्रीय सिनेमा अनुभाग के अंतर्गत प्रदर्शित दो फिल्मों से जुड़े फिल्मकारों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मातृत्व, करुणा, मानवीय संवेदनशीलता और जीवन की गरिमा जैसे विषय प्रमुखता से उभरकर सामने आए। ‘रहमा’ और ‘द फार्म’ दोनों फिल्में अलग-अलग, लेकिन एक-दूसरे से गहराई से जुड़े विषयों को प्रस्तुत करती हैं। ये फिल्में दर्शकों को अपने संघर्षों से आगे बढ़कर दूसरों के दर्द और आकांक्षाओं को समझने का संदेश देती हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘रहमा’ के निर्देशक एवं लेखक फैसल सोयसल, ‘द फार्म’ की निर्देशक एवं लेखिका एलिफ एडा और ‘द फार्म’ के सिनेमैटोग्राफर एम्रे पेकाकिर शामिल हुए। फिल्मकारों ने इन प्रभावशाली कहानियों को पर्दे पर उतारने के पीछे की रचनात्मक सोच, विषयवस्तु और अपने अनुभव साझा किए।

रहमा: मातृत्व, तड़प और मानवीय जुड़ाव की भावपूर्ण कहानी

फैसल सोयसल द्वारा लिखित और निर्देशित ‘रहमा’ की कहानी मरियम के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक पुरातत्वविद् है। मां बनने की उसकी गहरी इच्छा कई सर्जरी और आईवीएफ उपचार के असफल प्रयासों के बावजूद पूरी नहीं हो पाती। जब उसकी उम्मीदें धीरे-धीरे टूटने लगती हैं, तो वह अपने पति इब्राहिम की असहमति के बावजूद जॉर्जिया में सरोगेसी के विकल्प पर विचार करती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात नौ वर्षीय सीरियाई अनाथ बच्ची रहमा से होती है, जो अकेले ही जीवन जीने के लिए संघर्ष कर रही है। जैसे-जैसे मरियम को रहमा की परिस्थितियों का पता चलता है, दोनों के बीच एक असाधारण रिश्ता पनपने लगता है, जो मरियम के जीवन में सुकून और भावनात्मक संबल लेकर आता है।

फिल्म की प्रेरणा के बारे में बताते हुए फैसल सोयसल ने कहा कि इस कहानी की परिकल्पना उन दंपतियों के गहरे संघर्षों पर विचार करने से हुई, जो संतान प्राप्ति की इच्छा रखते हैं। इसके साथ ही उन्होंने उन अनेक बच्चों की स्थिति पर भी ध्यान दिलाया, जो बिना परिवार के बड़े होते हैं। उन्होंने बताया कि ‘रहमा’ के माध्यम से उनका उद्देश्य माता-पिता बनने की भावनात्मक जटिलताओं, परिवार के वास्तविक अर्थ और मानवीय रिश्तों के उन अप्रत्याशित पहलुओं को समझना था, जो हमारी गहरी भावनात्मक जरूरतों को पूरा कर सकते हैं।

द फार्म: जीवन की गरिमा के लिए एक बच्ची का साहसिक संघर्ष

एलिफ एडा द्वारा लिखित और निर्देशित ‘द फार्म’ 12 वर्षीय इरेम की कहानी है, जो अपने माता-पिता की अचानक मृत्यु के बाद अपनी अलग रह रही दादी के साथ एक डेयरी फार्म में रहने आती है। दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए नवजात बछड़ों को उनकी मां से अलग करने की प्रथा देखकर इरेम विचलित हो जाती है। वह अपनी आंखों के सामने हो रही इस क्रूरता को स्वीकार नहीं कर पाती। फार्म के पशु चिकित्सक के सहायक के रूप में काम करने वाले अनाथ बच्चे हलीद की मदद से वह गर्भवती गायों को मुक्त कराने का दृढ़ संकल्प लेकर अभियान शुरू करती है।

एलिफ एडा ने फिल्म के मूल दर्शन पर बात करते हुए सभी प्रकार के जीवन का सम्मान करने और दूसरों के कष्टों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वास्तविक खतरा केवल पीड़ा सहने में नहीं, बल्कि दूसरों की पीड़ा के प्रति उदासीन हो जाने में है। पृथ्वी पर जीवन की पवित्रता के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि हर चीज पर नियंत्रण पाने की मनुष्य की इच्छा अक्सर अन्य जीवों के लिए पीड़ा का कारण बन जाती है।

निर्देशक ने बताया कि इस फिल्म के माध्यम से वह जानवरों की उस पीड़ा को आवाज देना चाहती थीं, जो अक्सर अनदेखी रह जाती है। उन्होंने फिल्म उद्योग में एक महिला निर्देशक के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की चुनौतियों के बारे में भी बताया कि अपनी रचनात्मक आकांक्षाओं को पूरा करने के दौरान महिलाओं को किन-किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

‘द फार्म’ में अपने अनुभव साझा करते हुए फिल्म के सिनेमैटोग्राफर एम्रे पेकाकिर ने गायों की शूटिंग के दौरान आई विशेष चुनौतियों के बारे में बताया। फिल्म निर्माण के अनुभव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जानवरों के व्यवहार और उनके आसपास के वातावरण की बारीकियों को कैमरे में कैद करने के लिए उन्होंने फार्म पर काफी समय बिताया और जानवरों के करीब रहकर उनके व्यवहार को समझा। चुनौतियों के बावजूद उन्होंने जानवरों के साथ शूटिंग के अनुभव को फिल्म निर्माण का आनंददायक और समृद्ध करने वाला हिस्सा बताया।

‘रहमा’ और ‘द फार्म’ दोनों फिल्में करुणा, अपनत्व और संवेदनशीलता की भावपूर्ण झलक प्रस्तुत करती हैं। ये दर्शकों को अपने जीवन की परिस्थितियों से आगे बढ़कर दूसरों के जीवन और उनके संघर्षों को समझने तथा उनके प्रति सहानुभूति रखने की याद दिलाती हैं।

इस सत्र का संचालन सुश्री शिल्पा नीलकंठ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!