आठ साल से सड़क का इंतजार, अब स्वयं श्रमदान से सड़क बना रहे ग्रामीण
मोली-रोइंठा के ग्रामीणों ने शुरू किया 3.2 किलोमीटर सड़क का निर्माण, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
— दिग्पाल गुसाईं की रिपोर्ट —
गौचर, 28 नवंबर। जिला चमोली के विकासखंड कर्णप्रयाग की ग्राम पंचायत मोली-रोइंठा के ग्रामीणों ने आठ वर्षों तक सड़क निर्माण का इंतजार करने के बाद अब स्वयं श्रमदान से गांव तक सड़क पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। शासन-प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद सड़क का निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ का नारा देते हुए आगामी चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी भी दी है।
गुरुवार को ग्राम प्रधान कुसुम देवी पुंडीर के नेतृत्व में महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों और ग्रामीणों ने भूमि पूजन के साथ तीन किलोमीटर 200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया। ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ गैती और फावड़े लेकर सड़क निर्माण में जुट गए। बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने श्रमदान में भाग लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले आठ वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर शासन-प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन आश्वासनों के अलावा उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति से लेकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तक में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार दो दिन पहले एक गर्भवती महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे को जन्म दे दिया था। इस घटना ने सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों की समस्याओं को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए वर्षों तक इंतजार करने के बाद उन्हें स्वयं निर्माण कार्य शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से सड़क निर्माण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान कुसुम देवी पुंडीर, अवतार सिंह पुंडीर, दर्शन सिंह पुंडीर, यदुवीर सिंह पुंडीर, राजेंद्र सिंह पुंडीर, कमला सिंह पुंडीर, जसपाल सिंह पुंडीर, रामा सिंह पुंडीर, दिनेश सिंह पुंडीर, शिशुपाल सिंह पुंडीर, लखपत सिंह रावत, सुखवीर सिंह पुंडीर, भूपेंद्र सिंह पुंडीर, प्रदीप सिंह पुंडीर, सुरेंद्र सिंह पुंडीर, मोहित सिंह पुंडीर, प्रवीण सिंह पुंडीर, उमेश सिंह पुंडीर, संजय सिंह पुंडीर, बीना देवी, उमा देवी, फागुनी देवी, देवेश्वरी देवी, फागुणी देवी, मीरा देवी, चंदन सिंह कठैत, कल्पेश्वरी देवी, मधु देवी, पंकज असवाल, ऊषा देवी, नीमा देवी, पुष्पा देवी, संगीता देवी, रोहिता, गणेशी देवी, दर्शनी देवी, गुड्डी देवी, आशीष रावत, देवेंद्र सिंह रावत और नरेंद्र सिंह पुंडीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

