लर्निंग ट्री स्पेशल स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने मोहा मन

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखी बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास
देहरादून, 29 नवंबर। लर्निंग ट्री स्पेशल स्कूल का नौवां वार्षिकोत्सव शनिवार को इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के उत्तराखंड राज्य केंद्र, देहरादून में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने नृत्य, संगीत और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
समारोह की मुख्य अतिथि भारतीय वन्यजीव संस्थान की वैज्ञानिक एवं प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. संगीता अंगोम ने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में विशिष्ट क्षमताएं और असीम संभावनाएं होती हैं। आवश्यकता उनकी प्रतिभा को पहचानने और उसे विकसित करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने इस दिशा में विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय के अध्यक्ष आर.पी. थपलियाल ने कहा कि लर्निंग ट्री स्पेशल स्कूल का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता विकसित करना है, ताकि वे समाज में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें। विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विद्यालय की निदेशक डॉ. शिवानी कोटनाला ने शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे की व्यक्तिगत क्षमताओं को पहचानकर उन्हें विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकता है।
प्रधानाचार्या चांदनी राणा ने अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की शानदार प्रस्तुतियां उनके निरंतर अभ्यास, लगन और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों में अभिभावकों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।
समारोह में विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

