वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़: दो लीटर कोबरा का जहर और बाघ-चीते की खालों संग 6 दबोचे गए

पुणे/मुंबई, 28 नवंबर ( PIB)। महाराष्ट्र के पश्चिमी घाट में सक्रिय वन्यजीव तस्करों के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। लगातार दो गुप्त अभियानों—’ऑपरेशन वेनम शील्ड’ और ‘ऑपरेशन फेलिन विजिल’ के तहत डीआरआई ने दो अलग-अलग तस्करी गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए छह शिकारियों को दबोच लिया है। इस कार्रवाई में एजेंसियों ने करीब दो लीटर संदिग्ध किंग कोबरा का जहर, बाघ, तेंदुआ व चीते की तीन दुर्लभ खालें और शिकार में इस्तेमाल होने वाली एक एयर राइफल बरामद की है।
पहली कार्रवाई 25 नवंबर को पुणे के बाहरी इलाके में ‘ऑपरेशन वेनम शील्ड’ के तहत की गई। डीआरआई को पक्की खबर मिली थी कि स्टॉक ट्रेडर से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बना एक शख्स अवैध रूप से सांप के जहर की डील करने वाला है। कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक आयोजन की भारी भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी इंद्रायणी नदी के पास एक बिचौलिए और खरीदार से मिलने पहुंचा था। पहले से जाल बिछाए बैठे डीआरआई अधिकारियों ने दुर्गम रास्तों पर लंबा पीछा कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी में उनके पास दो बोतलों में भरा करीब दो लीटर संदिग्ध किंग कोबरा का जहर मिला। हालांकि, इस जद्दोजहद में जहर छलकने से एक डीआरआई अधिकारी भी घायल हो गया।
इसके ठीक अगले दिन, 26 नवंबर को डीआरआई ने ‘ऑपरेशन फेलिन विजिल’ चलाकर नवी मुंबई में वन्यजीव अंगों की तस्करी का भंडाफोड़ किया। सोशल मीडिया के जरिए वन्यजीव ट्रॉफी बेचने की फिराक में घूम रहे एक संदिग्ध को अधिकारियों ने पनवेल क्षेत्र में रोका और उसके बैग से बाघ तथा तेंदुए की खालें बरामद कीं। उससे हुई पूछताछ के आधार पर नवी मुंबई के एक आवासीय परिसर में छापा मारा गया, जहां दो महिलाओं के कब्जे से चीते की एक संदिग्ध खाल और .177 कैलिबर की एयर राइफल मिली। शुरुआती जांच में तेंदुए की खाल पर इसी राइफल की गोली के निशान होने की आशंका जताई गई है।
गौरतलब है कि किंग कोबरा, बाघ, तेंदुआ और चीता—ये चारों ही वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I के तहत सर्वोच्च कानूनी सुरक्षा प्राप्त दुर्लभ प्रजातियां हैं, जिनका शिकार या व्यापार करना दंडनीय अपराध है। डीआरआई ने सभी छह गिरफ्तार आरोपियों और जब्त किए गए जहर, खालों व हथियार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है।

