गढ़वाल की लोकसंस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतिबिंब है ‘ढोली’
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित पहली गढ़वाली फीचर फिल्म का सिनेमाघरों में प्रदर्शन शुरू
देहरादून, 28 नवंबर (शास्त्री)। उत्तराखंड की राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित पहली गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ के प्रदर्शन का उद्घाटन देहरादून के सेंट्रियो मॉल में किया गया। इसके साथ ही 27 नवंबर से देश के प्रमुख सिनेमाघरों में फिल्म का प्रदर्शन शुरू हो गया है। गढ़वाली सिनेमा के इतिहास में यह एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों और कला-संस्कृति से जुड़े लोगों की सराहना मिल रही है।
इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने कहा कि पहाड़ में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए इस प्रकार की फिल्मों का निर्माण होते रहना चाहिए। फिल्म का संदेश व्यापक है, जिसे अत्यंत प्रभावशाली ढंग से दर्शकों तक पहुंचाया गया है। फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने से समूचे उत्तराखंड का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि ढोल हमारी सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं का केंद्रबिंदु है, लेकिन समाज ने इस विधा और इससे जुड़े कलाकारों की अपेक्षित सुध नहीं ली। इस लोककला के संरक्षण के साथ ही ढोल वादकों को उचित पारिश्रमिक और सामाजिक सम्मान मिलना चाहिए।
गढ़वाल सभा के प्रवक्ता एवं संस्कृतिकर्मी अजय जोशी ने कहा कि फिल्म ‘ढोली’ का मूल विषय सामाजिक समरसता है, जो वर्तमान परिस्थितियों में अत्यंत प्रासंगिक है। फिल्म समाज में आपसी सद्भाव और समानता की भावना को मजबूत करने में सहायक होगी। इसे केवल उत्तराखंड के लोगों को ही नहीं, बल्कि पूरे देश के दर्शकों को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिल्म की संवेदनशील प्रस्तुति ने उन्हें भावुक कर दिया।
गढ़वाल सभा के अध्यक्ष रोशन धस्माना ने फिल्म की सशक्त पटकथा और उत्कृष्ट निर्देशन की प्रशंसा की। साहित्यकार मदन डुकलान ने कहा कि ‘ढोली’ ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हासिल कर उत्तराखंडी सिनेमा के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं।
संस्कृतिप्रेमी उद्यमी नरेंद्र रौथाण ने कहा कि ‘ढोली’ में उत्तराखंड की आत्मा के दर्शन होते हैं। अपनी भाषा और संस्कृति के संरक्षण की दृष्टि से फिल्म का संदेश अत्यंत स्पष्ट और प्रभावशाली है। वर्तमान समय में समाज को ऐसे ही सार्थक संदेशों की आवश्यकता है। अमित वी. कपूर ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि जो लोग गढ़वाल की समृद्ध लोकसंस्कृति को करीब से समझना चाहते हैं, उन्हें यह फिल्म अवश्य देखनी चाहिए।
रंगकर्मी कुलानंद घनशाला ने कहा कि फिल्म में जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता पर प्रभावशाली प्रहार किया गया है। सामाजिक चेतना जागृत करने की दृष्टि से फिल्म अपने उद्देश्य में सफल रही है।
प्रो. दर्शन सिंह नेगी ने कहा कि ‘ढोली’ महज एक फिल्म नहीं, बल्कि पहाड़ की लोकसंस्कृति, सामाजिक विडंबनाओं और मानवीय गरिमा का संवेदनशील आख्यान है। यह फिल्म दर्शकों को केवल एक कहानी देखने के लिए आमंत्रित नहीं करती, बल्कि उन्हें अपने सामाजिक व्यवहार, सांस्कृतिक दृष्टिकोण और परंपराओं के भीतर विद्यमान असमानताओं पर पुनर्विचार करने के लिए भी प्रेरित करती है।
गढ़वाली फिल्मों के निर्देशक कांता प्रसाद ने फिल्म की कहानी, निर्देशन और कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंडी सिनेमा का एक उत्कृष्ट एवं प्रभावशाली प्रयास बताया। उन्होंने उत्तराखंड फिल्म जगत से जुड़े लोगों से सिनेमाघरों में पहुंचकर फिल्म देखने और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि गढ़वाली भाषा की फिल्म ‘ढोली’ को प्रतिष्ठित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गढ़वाली सिनेमा के 43 वर्षों के इतिहास में पहली बार किसी फीचर फिल्म ने यह उपलब्धि हासिल की है। फिल्म के निर्माता सुनील नायक हैं, जबकि इसका निर्देशन हिंदी और मराठी फिल्मों के जाने-माने निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने किया है। फिल्म को गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने संगीत दिया है तथा इसकी कहानी और गीत डॉ. नंद किशोर हटवाल ने लिखे हैं।
इस अवसर पर गढ़वाल सभा के महासचिव गजेंद्र भंडारी, वीरेंद्र असवाल, फिल्म निर्देशक प्रदीप भंडारी, गोकुल पंवार, आशु चौहान, जे.एस. थापा, राजेश जोशी, बृज रावत, संजय चमोली, वरिष्ठ रंगकर्मी अवि नंदा, उदित पांडे, पंडित सुशांत राज, लक्की सिंह और कृपा राम नौटियाल सहित उत्तराखंड फिल्म उद्योग के अनेक निर्माता, निर्देशक, कलाकार तथा शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने फिल्म की विषयवस्तु और प्रस्तुति की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में फिल्म के कहानीकार एवं गीतकार डॉ. नंद किशोर हटवाल, अभिनेता एवं कला निर्देशक अतुल विश्नोई, अभिनेता रमेश नौड़ियाल, सतीश धौलाखंडी, गायत्री टम्टा, सोनिया गैरोला, ऋषभ, तन्मय, पंकज डंगवाल और अतुल रावत भी उपस्थित रहे।
फिल्म ‘ढोली’ की टीम ने दर्शकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा कला-संस्कृति से जुड़े लोगों का आभार जताया। टीम ने उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करने और फिल्म के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने की भी अपील की।

