पूर्व सैनिकों के सम्मान में 19 जून को पोखरी में होगा समारोह
पोखरी, 4 जून (राणा)। विनायकधार सैनिक विश्राम गृह में आयोजित भूतपूर्व सैनिक सम्मेलन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने कहा कि सैनिक अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रतीक होते हैं। इसलिए पूर्व सैनिकों का सम्मान करना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र, समाज और राष्ट्र के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
खत्री ने बताया कि आगामी 19 जून को विकासखंड कार्यालय परिसर में भूतपूर्व सैनिकों, वीरांगना नारियों, युवाओं, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा पत्रकारों के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश की सांस्कृतिक टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में भूतपूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष कर्नल डी.एस. बर्तवाल भी प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने कहा कि नागनाथ में एनआईएम (निम) को पुनः स्थापित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के युवाओं को सेना में भर्ती की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके। साथ ही उन्होंने सैनिक विश्राम गृह के मरम्मत कार्य हेतु अपनी जिला पंचायत निधि से आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
थाला-बैंड वार्ड के जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि सैनिक देश की आन, बान और शान हैं। उनकी बदौलत ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और नागरिक सुरक्षित जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं।
भूतपूर्व सैनिक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन रमेश बर्तवाल ने भी नागनाथ में एनआईएम को पुनः स्थापित किए जाने की मांग उठाई।
सम्मेलन में कैप्टन सत्येंद्र बुटोला, कैप्टन दर्शन बर्तवाल, जिला पंचायत सदस्य दिव्या भारती, भाजपा नेता दिनेश रडवाल, हर्षवर्धन चौहान, संजय बर्तवाल सहित बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
