पोस्टमैन के कमरे से तीन-चार बोरियों में मिली अवितरित डाक, विभागीय जांच शुरू
–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 29 जून। चमोली जिले के थराली विकासखंड के तुंगेश्वर क्षेत्र में डाक विभाग की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र में तैनात एक पोस्टमैन ने वर्ष 2025 से अब तक की बड़ी मात्रा में महत्वपूर्ण डाक लाभार्थियों तक पहुंचाने के बजाय अपने निजी कमरे में तीन से चार बोरियों में रख छोड़ी। मामला उजागर होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीण दोषी कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बरामद डाक में बड़ी संख्या में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक एटीएम कार्ड, बैंकिंग संबंधी दस्तावेज, स्पीड पोस्ट से भेजे गए पत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख शामिल हैं। आरोप है कि इन दस्तावेजों का लंबे समय तक वितरण नहीं किया गया, जिससे अनेक लोगों को परेशानी उठानी पड़ी होगी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब स्थानीय निवासी विनोद पांडे को अपनी पुत्री का आधार कार्ड तुंगेश्वर-माल बजवाड़ मोटर मार्ग के किनारे पड़ा मिला। उन्होंने इस संबंध में पोस्टमैन से जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पोस्टमैन के कमरे का निरीक्षण किया, जहां कथित रूप से तीन से चार बोरियों में बड़ी मात्रा में अवितरित डाक रखी मिली।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से क्षेत्र में नियमित डाक वितरण नहीं हो रहा था। उनका कहना है कि समय पर आधार, पैन, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण पत्र न मिलने से अनेक नागरिकों को आर्थिक एवं प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा होगा।
घटना के बाद डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रवासियों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी कर्मचारी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर डाक का वितरण होता तो लोगों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकता था।
इस घटना ने कई अहम प्रश्न भी खड़े कर दिए हैं। क्या डाक विभाग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा? क्या संबंधित पोस्टमैन के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई होगी? आखिर महत्वपूर्ण सरकारी एवं बैंकिंग दस्तावेज लाभार्थियों तक पहुंचाने के बजाय बोरियों में क्यों रखे गए? साथ ही, क्या उच्च अधिकारियों ने इतने लंबे समय तक डाक वितरण की स्थिति की निगरानी नहीं की?
विभाग ने दिए जांच के निर्देश
चमोली के डाक अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि किसी भी पोस्टमैन द्वारा अपने निजी कमरे में डाक रखना नियमों के विरुद्ध है। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पोस्टमैन के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
