Front Page

मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत में ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

₹62.33 करोड़ का सिटी सेंटर, ₹257 करोड़ का महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और ₹237.74 करोड़ का आईएसबीटी प्रमुख परियोजनाओं में शामिल

चम्पावत, 29 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के विकास को नई गति देने वाली कुल 17 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई 8 विकास योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत से प्रस्तावित 9 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹123.79 करोड़ है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ₹3.50 करोड़ (₹349.98 लाख) की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन भी किया। इस परियोजना के तहत जनपद के विभिन्न स्थानों पर जिम कॉर्बेट से जुड़े स्थलों का विकास और सौंदर्यीकरण किया गया है। उन्होंने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया.

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत ढांचे, कृषि, महिला सशक्तिकरण और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि चम्पावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इससे पार्किंग की समस्या दूर होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त व्यापारिक भवन, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र तथा ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित कई धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक तथा पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना का कार्य भी प्रगति पर है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, उद्यमियों, व्यापारियों, टैक्सी यूनियन, शिक्षकों, बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि विकसित चम्पावत की मजबूत नींव हैं और जनभागीदारी से ही विकास के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!